लखनऊ , फरवरी 25 -- पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गोसाईंगंज क्षेत्र के हसनापुर के पास सोमवार (23 फरवरी) को हुई बस दुर्घटना में घायल 31 यात्रियों में से 21 यात्रियों को संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के एपेक्स ट्रामा सेंटर ने छुट्टी दे दी है। जबकि 10 गम्भीर मरीजों का उपचार अभी भी जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में घायल यात्रियों में से 21 लोगों को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, शेष 10 मरीजों का इलाज अभी भी एसजीपीजीआई में जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सभी मरीज चिकित्सकीय निगरानी में हैं और धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।
संस्थान की जनसम्पर्क अधिकारी कुसुम यादव ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित