सुलतानपुर , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 97 पर शनिवार सुबह एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में गाजियाबाद में तैनात दो उपनिरीक्षक, एक अभियुक्त तथा चालक घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बिहार के रोहतास जनपद के डेहरी क्षेत्र निवासी विश्वकांत के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज था। उसे गिरफ्तार करने के लिए गाजियाबाद में तैनात उपनिरीक्षक अतुल कुमार और उपनिरीक्षक विपिन कुमार बिहार गए थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अल्टो कार से गाजियाबाद लाया जा रहा था। वाहन चालक वसीम कार चला रहा था।

बताया जाता है कि एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 97 पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। दुर्घटना में कार सवार सभी चार लोग घायल हो गए।

सूचना पर पीवीआर और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी विश्वकांत और चालक वसीम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर किया गया, जबकि दोनों उपनिरीक्षकों का उपचार जारी है। थानाध्यक्ष बल्दीराय नारद मुनि सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित