पूर्णिया , फरवरी 04 -- बिहार में पूर्णिया जिले के अमौर थाना में पदस्थापित एक हवलदार का शव बुधवार को बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमौर थाना में पदस्थापित हवलदार का शव थाना परिसर स्थित गार्ड क्वार्टर में खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया है। मृतक हवलदार की पहचान गया जिला निवासी आलमनाथ भूइयां के रूप में हुई है। मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अमौर थानाध्यक्ष तथा बायसी के पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र कुमार पांडे थाना परिसर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है।
पुलिस ने मृतक हवलदार के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित