जौनपुर , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर युवा उद्यमी विकास योजना का सबसे अधिक लाभ युवाओं को देने वाले जौनपुर के जिला अधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 जनवरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में शासन द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। इसी के तहत प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश के युवाओं की पहली पसंद बन गयी है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक प्रदेश भर में करीब साढ़े तीन लाख आवेदन आ चुके हैं, जबकि शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 लाख 50 हजार लोन वितरित का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को अपनी आकर्षित कर रही है और वह इससे जुड़कर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। वहीं योजना का लाभ शत प्रतिशत देने में पिछले कई माह से पूरे उत्तर प्रदेश में जौनपुर प्रथम स्थान पर है, दूसरे स्थान पर आजमगढ़ तथा तीसरे स्थान पर हरदोई रहा।

उत्तर प्रदेश सरकार न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, बल्कि उन्हे एक मजबूत उद्यमी बनने के लिए सक्षम बना रही है। इसी का असर है कि प्रदेश के युवा न केवल अपने व्यवसाय को बढ़ावा दे रहे हैं बल्कि समाज में एक सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। इस योजना के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 लाख 50 हजार लक्ष्य के सापेक्ष अब तक पूरे प्रदेश से 3,34,337 युवा लोन के लिए आवेदन कर चुके हैं, जबकि 2,81,277 आवेदनों को बैंक को फॉरवर्ड कर दिया गया है। इनमें से 1,06,772 आवेदनों को बैंक ने लोन देने की स्वीकृति दे दी है, जबकि 1,03,353 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन वितरित किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित