धार , जनवरी 19 -- पुश्तैनी कृषि भूमि के नक्शे में सुधार करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी के खिलाफ इंदौर लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ने किसान से कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसमें से 20 हजार रुपये लेते समय उसे पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार बदनावर तहसील के ग्राम भीमपुरा निवासी 60 वर्षीय किसान नारायण सिंह परिहार की पुश्तैनी कृषि भूमि का नक्शा मौके के कब्जे के अनुसार प्रदर्शित नहीं हो रहा था। इस संबंध में किसान ने करीब डेढ़ वर्ष पहले एसडीएम कार्यालय बदनावर में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया था, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद किसान हल्का नंबर 47 (नया-75) वनवासा में पदस्थ पटवारी सुनील बेनल से मिला। आरोप है कि पटवारी ने नक्शा सुधार की फाइल एसडीएम कार्यालय भेजने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान किसान ने इसकी शिकायत इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में की।
शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में ट्रैप दल का गठन किया गया। सोमवार दोपहर किसान जब 20 हजार रुपये लेकर पटवारी को देने पहुंचा, उसी दौरान लोकायुक्त टीम ने आरोपी पटवारी सुनील बेनल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सचिन पटेरिया, कार्यवाहक प्रआर विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह बघेल, चालक शेरसिंह ठाकुर एवं आरक्षक कृष्णा अहिरवार शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित