रांची , दिसंबर 31 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज धनबाद और जामताड़ा जिला को जोड़ने वाली बराकर नदी पर 14 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली पुल के निर्माण कार्य का चालना गांव में शिलान्यास किया।

डॉ. अंसारी ने कहा कि यह पुल न केवल दो जिलों धनबाद और जामताड़ा को जोड़ेगा, बल्कि क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार को भी नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार लगातार जनहित के कार्यों के जरिए विकास को धरातल पर उतार रही है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर करीब 50 हजार से अधिक ग्रामीणों, माताओं-बहनों और युवाओं ने स्वास्थ्य मंत्री का भव्य स्वागत किया।

फीता काटे जाने के क्षण में पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि मैथन डैम क्षेत्र में वर्ष के लगभग छह महीने पानी भरे रहने के कारण आवागमन बाधित रहता था। इससे बच्चों की पढ़ाई, खेती और व्यापार पर गहरा असर पड़ता था। अब इस पुल के निर्माण से करीब 10 पंचायतों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा।

इस मौके पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पुल के तकनीकी पहलुओं को लेकर दिए गए सुझावों को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गंभीरता से लिया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सपना साकार हुआ। उन्होंने जनता से एकजुट रहने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को और मजबूत करने की अपील की।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने अपने संबोधन में कहा,"मैं बिना किसी भेदभाव के विकास कर रहा हूं। मुझे फुरकान अंसारी साहब का आशीर्वाद और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मार्गदर्शन मिला है। आज असंभव को संभव किया गया है। यह पुल विकास का ऐतिहासिक प्रतीक बनेगा और बहुत जल्द क्षेत्र की तस्वीर बदलेगा। राज आपका है, विकास मेरी पहली प्राथमिकता है-और कोई शक्ति मुझे विकास से रोक नहीं सकती।"कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बसेरा ने कहा कि मंत्री इरफान अंसारी की दूरदर्शिता यह साबित करती है कि वे आदिवासियों के सच्चे नेता हैं, जो उनकी मांगों को सम्मान के साथ पूरा करते हैं।

वहीं राजनीतिक सलाहकार निशापति ने कहा कि इरफान अंसारी विकास, विश्वास और गरीबों के सम्मान का प्रतीक हैं और आदिवासी समाज के दिलों में उनका विशेष स्थान है।

कार्यक्रम में जीतलाल, राजेंद्र हेंब्रम, विजय दुबे, अजीत दुबे, अर्बोनी मरांडी, सुनीता मुर्मू, निर्देश सोरेन सहित कांग्रेस, झामुमो और आदिवासी संगठनों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित