भोपाल , अक्टूबर 19 -- पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल रविवार की सुबह लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित की गई। इस परेड का आयोजन प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को प्रात: 9.50 बजे किया जाता है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया और पुलिस स्मृति दिवस की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक राजमणी सिंह ने निभाई, जबकि परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एसडीओपी सर्वप्रिय सिन्हा ने किया। परेड में टू-आई-सी राज़्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक हेमंत पांडेय, जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला एवं पुरुष प्लेटून, होमगार्ड प्लेटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, रीथ पार्टी, पुलिस बैंड प्लेटून, अश्वरोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल थीं।
फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस महानिदेशक एसएएफ चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक अभय सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, कमांडेंट सातवीं वाहिनी हितेश चौधरी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई।
पुलिस स्मृति दिवस लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 11 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। शहीद कर्मियों में निरीक्षक स्व. संजय पाठक, निरीक्षक स्व. रमेश कुमार धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक स्व. रामचरण गौतम, सहायक उप निरीक्षक स्व. महेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक स्व. संतोष कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्व. प्रिंस गर्ग, प्रधान आरक्षक स्व. अभिषेक शिंदे, प्रधान आरक्षक स्व. गोविंद पटेल, आरक्षक स्व. अनुज सिंह, आरक्षक स्व. सुंदर सिंह बघेल और आरक्षक स्व. अनिल यादव शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित