जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सदन में पुलिस सिपाहियों को नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर की गई टिप्पणी की भर्त्सना करते हुए कहा है कि पुलिस सिपाहियों के सम्मान पर सवाल उठाना कांग्रेस की नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

श्री बेढ़म ने सोलहवीं विधानसभा के पांचवे सत्र में श्री डोटासरा की सदन में की टिप्पणी को लेकर मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसकी सरकार कड़ी भर्त्सना करती है।

उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी राजनीतिक अपरिपक्वता का उदाहरण है। जिन सिपाहियों के भरोसे देश-विदेश की आंतरिक सुरक्षा टिकी है, उनका मनोबल बढ़ाने के बजाय कांग्रेस नेताओं ने उसे गिराने का काम किया है।

उन्होंने कांग्रेस के इस बयान पर आपत्ति जताई जिसमें कहा गया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह "मामूली सिपाहियों" को नियुक्ति पत्र देने राजस्थान आते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि कांग्रेस इस पहल की सराहना करती, क्योंकि पहली बार उन जवानों को सम्मान दिया गया है जो त्योहारों पर घर नहीं जा पाते और समय पर छुट्टियां तक नहीं ले पाते।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पुलिस बल का मनोबल बढ़ाना है, लेकिन कांग्रेस नेताओं के इस तरह की टिप्पणियां कर खिल्ली उड़ाई जा रही है। यह किसी व्यक्ति का दोष नहीं, बल्कि कांग्रेस की वही पुरानी सोच है, जो सकारात्मक कार्यों के साथ प्रदेश को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित