कासगंज , मार्च 08 -- उत्तर प्रदेश में कासगंज जिले की गंजडुण्डवारा पुलिस ने शनिवार रात सुजावलपुर के जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, दो जिंदा बैल और गौकशी करने के उपकरण बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने रविवार को बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि सुजावलपुर के जंगल में तीन संदिग्ध व्यक्ति दो जिंदा बैलों को गौकशी के इरादे से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना गंजडुण्डवारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान बदमाशों ने खुद को पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम तसलीम निवासी बाजनगर सुजावलपुर, थाना गंजडुण्डवारा, जनपद कासगंज बताया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध शस्त्र, कारतूस, दो जिंदा बैल और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में थाना गंजडुण्डवारा में धारा 109(1) बीएनएस, 5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित