भरतपुर , जनवरी 22 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के सूरवाल थाना क्षेत्र में डूंगरी बांध रद्द करने की मांग को लेकर बुधवार को अजनोटी गांव में76 गांवों की ट्रैक्टर रैली एवं सभा के दौरान पुलिस पर पथराव करके छह पुलिसकर्मियों को घायल करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को करीब 75 लोगों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 'डूंगरी बांध रद्द करो' संघर्ष समिति की ओर से आंदोलनकारियों का अजनोटी गांव से सवाई माधोपुर पहुंच कर कलेक्ट्रेट पर ट्रैक्टर रैली के रूप में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने का कार्यक्रम था। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि कुछ उपद्रवी लोग जबरन ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट की तरफ कूच करने लगे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उग्र आंदोलनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों की ओर से किये गये पथराव में छह पुलिसकर्मियों को चोटें आयी हैं। साथ ही पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गये। श्री बेनीवाल ने बताया कि इस तरह की घटना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अब पुलिस पर पथराव करने वाले आंदोलनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित