बैतूल , दिसंबर 4 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में बडोरा मंडी से चोरी हुआ करीब 10 लाख रुपये का ट्रैक्टर-ट्रॉली बैतूल बाजार पुलिस ने मात्र 48 घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर कार्यरत टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मिलानपुर टोल टैक्स के आगे हवाई पट्टी के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका।

पूछताछ में चालक की पहचान विशाल तुमडाम (23), निवासी किला खंडारा के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। फरियादी संजू सलाम का ट्रैक्टर (MP48ZB6298) और ट्रॉली 2 दिसंबर को चोरी हुई थी, जिस पर थाना बैतूल बाजार में अपराध क्रमांक 502/25 दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम के त्वरित प्रयास से वाहन बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित