उधमसिंह नगर , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत 32 लाख रुपए की स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

ऊधमसिंह नगर पुलिस ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आईटीआई थाना पुलिस और एसओजी काशीपुर की टीम को यह सफलता शुक्रवार देर रात मिली।पुलिस ने बताया कि खोखरा मंदिर रोड स्थित श्मशान घाट के पास आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि सैनी की अगुवाई में पुलिस टीम की ओर से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

इस दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोका गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे लेकिन कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी सचिन कुमार और सुनील कुमार निवासी खडकपुर, देवीपुरा थाना आईटीआई, उधम सिंह नगर, सुनील कुमार निवासी खडकुपर बाजार कॉलोनी लाइन पार थाना आईटीआई, उधम सिंह नगर से 108 ग्राम स्मैक बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी (यूके 18वी4288) भी जब्त कर ली है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह स्मैक खड़कपुर निवासी एक व्यक्ति से लाए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामलों में नामजद रह चुके हैं और उनका आपराधिक इतिहास रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित