मथुरा , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मांट थाना पुलिस ने बुधवार को एक करोड़ 16 लाख रुपये का अवैध डोडा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब एक करोड़ 16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

थाना मांट पुलिस को आज सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आगरा से नोएडा की ओर जा रहे एक कैंटर में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 95 पर सघन जांच शुरू की। सुबह करीब 08:15 बजे संदिग्ध कैंटर को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो कैंटर से कुल 776.620 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान शुभम (28) निवासी तंगीपुर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा), कुलदीप उर्फ रिंकू (46) , निवासी तंगीपुर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रुप में हुयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित