सोनीपत , मार्च 18 -- हरियाणा में सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास एक पोल पर लगाए गए संदिग्ध खुफिया कैमरे को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हटा दिया।
इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर मौजूद रहे। गाजियाबाद से गिरफ्तार किए गए आरोपी को भी जांच के लिए सोनीपत लाया गया, जहां उससे घटनास्थल पर पूछताछ कराई गई।
संयुक्त टीम ने आरोपी की निशानदेही पर उसी स्थान का निरीक्षण किया, जहां कैमरा लगाया गया था। इसके बाद तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से कैमरे को सावधानीपूर्वक पोल से उतारा गया। पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया गया, ताकि आगे की जांच में इसका उपयोग किया जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैमरा ऐसे स्थान पर लगाया गया था, जहां से रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जा सकती थी। इस कारण सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले को गंभीरता से ले रही हैं। बताया जा रहा है कि आरपीएफ को नियमित गश्त के दौरान यह कैमरा संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया था, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कैमरा कब और किस उद्देश्य से लगाया गया, क्या यह सक्रिय था और इसका एक्सेस किन लोगों के पास था। घटनास्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आम लोगों की आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित