मुजफ्फरपुर , मार्च 27 -- विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम ने करीब 17 वर्ष पूर्व दर्ज एक मामले में वांछित माओवादी नवल किशोर राम को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर उसके घर से की गई। वह मूल रूप से देवरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है और गिरफ्तारी के भय से लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2009 में देवरिया थाना में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं 17 सीएलए सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
एसटीएफ टीम को हाल ही में उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और नवलकिशोर राम को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए देवरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
देवरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से वारंट जारी था। उसे पूछताछ के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, नवल किशोर राम पर कई विध्वंसक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। पूछताछ के दौरान उससे अन्य माओवादी सहयोगियों और उनके संभावित ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित