रुद्रपुर , मार्च 09 -- उत्तराखंड "ड्रग्स फ्री देवभूमि" अभियान के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। मादक द्रव्य निरोधक बल और किच्छा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद कर युवक को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति सोमवार को यह जानकारी दी। श्री गणपति के अनुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार रात को यह सफलता हाथ लगी। प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू और एएनटीएफ प्रभारी राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में कल रात किच्छा के डीडी चौक के पास वाहनों की गहन तलाशी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर जांच की गई तो कार से 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी मो. शाहबाज निवासी वार्ड नंबर 19, रजा मस्जिद के पास सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में किच्छा कोतवाली में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

आरोपी ने पूछताछ में ट्रामाडोल कैप्सूल अपने बड़े भाई रईस अहमद से लाने की बात कही है, जो इन्हें बरेली से लेकर आया था। पुलिस उसके खिलाफ भी कार्रवाई में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित