देहरादून , जनवरी 16 -- उत्तराखंड में देहरादून पुलिस ने शुक्रवार को चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दून मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉ. आशुतोष भारद्वाज ने 13 जनवरी को पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज करायी कि अज्ञात चोर ने उनके घर से दो लैपटॉप और अन्य सामान चुरा लिया है।

इसी तरह 15 जनवरी शिवालिक आयुर्वैदिक कॉलेज बंशी वाला निवासी अमन ने पटेल नगर कोतवाली में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया था कि अज्ञात चोर ने उनके घर से ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया है।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज किया और पुलिस टीम का गठन करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों जगहों का बारीकी से निरीक्षण किया जहां पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, वहां आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया और जरूरी जानकारियां एकत्रित की गई।

आज मुखबिर की सूचना पर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 21 वर्षीय आरोपी मनभावन को देहरादून के पटेल नगर स्थित निरंजनपुर मंडी से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से पुलिस ने दोनों घटनाओं में चोरी किए गए दो लैपटॉप, ज्वेलरी और एक मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए वह रेकी करके चोरी की वारदातों को अंजाम दिया करता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित