हरिद्धार , दिसंबर 09 -- उत्तराखंड में हरिद्धार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बाइकें चोरी की गई थीं।

कोतवाली में पुलिस अधीक्षक , देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मंगलवार को बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर मंगलौर पुलिस ने सीओ मंगलौर के नेतृत्व में सीआईयू की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलसजर पुत्र मनव्वर निवासी ग्राम भनेड़ा टांडा और सोनू पुत्र अल्लाहदिया निवासी ग्राम भनेड़ा टांडा के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित