दंतेवाड़ा , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में थाना बचेली क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं गुमशुदा एक युवती को पुलिस के उपचार उपलब्ध कराकर सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने का मामला सामने आया है।

पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से युवती को न केवल चिकित्सकीय सहायता मिली, बल्कि उसकी पहचान कर उसे गृह ग्राम तक सकुशल पहुंचाया गया।

पुलिस से शुक्रवार मिली जानकारी के अनुसार,18 फरवरी को पेट्रोलिंग के दौरान सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन निर्मलकर को लेबर हाटमेंट क्षेत्र में एक युवती असहाय अवस्था में मिली। युवती को तेज बुखार था और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। स्वास्थ्य लाभ के दौरान पूछताछ में युवती अपनी पहचान और पते के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के निर्देशन में पुलिस टीम ने युवती की पहचान के लिए व्यापक प्रयास शुरू किए। स्थानीय बाजारों, आसपास के थानों तथा अन्य जिलों से संपर्क किया गया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी साझा कर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। लगातार प्रयासों के बाद युवती की पहचान बसंती निषाद, निवासी नानगुर, जगदलपुर के रूप में हुई।

परिजनों से संपर्क स्थापित होने पर जानकारी मिली कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और वे बचेली आकर युवती को ले जाने में असमर्थ हैं। इस पर थाना बचेली पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए सहयोग की व्यवस्था की। एनएमडीसी बचेली के अधिकारी सौरभ कुमार के सहयोग से वाहन उपलब्ध कराया गया और पुलिस टीम स्वयं युवती को उसके गृह ग्राम लेकर पहुंची। वहां उसे उसके माता-पिता को सकुशल सुपुर्द किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित