ऋषिकेश , फरवरी 20 -- उत्तराखंड में रिषिकेश पुलिस ने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान ''ऑपरेशन स्माईल'' के तहत शुक्रवार को अथक प्रयासों के बाद एक गुमशुदा महिला को दिल्ली से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गुमशुदा व्यक्तियों की खोजबीन हेतु अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने ऑपरेशन स्माईल टीम को गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए थे।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र की एक महिला (कल्पनिक नाम सीता देवी) 19 नवंबर 2025 को घर से बिना बताए चली गई थी। इस संबंध में थाना लक्ष्मणझूला में मुकदमा दर्ज कर ऑपरेशन स्माईल टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के आधार पर 19 फरवरी 2026 को महिला की लोकेशन पहाड़गंज क्षेत्र में प्राप्त की। इसके बाद टीम तत्काल दिल्ली पहुंची और महिला को सकुशल बरामद कर थाना लक्ष्मणझूला लाया गया।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह घरेलू परेशानियों के कारण घर छोड़कर दिल्ली चली गई थी और वहीं नौकरी कर रही थी। पुलिस द्वारा काउंसलिंग के बाद महिला को समझा-बुझाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित