देहरादून , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड के देहरादून में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो 50 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर जिले भर में सघन जांच और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में कोतवाली डोईवाला पुलिस ने 28 अप्रैल को बाल कुआंरी चौक, लालतप्पड़ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की आकस्मिक जांच के दौरान आनंद राज (36) निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से यह अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित