प्रयागराज , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नवी मुंबई में पुलिस टीम पर हमले के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को मऊआईमा कस्बे से पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. सुहैल , निवासी मानखुर्द गेवड़ी, मुंबई के रूप में हुई है। बताया गया है कि 31 जनवरी की रात नवी मुंबई के उल्वे इलाके में एंटी नारकोटिक्स ऑपरेशन के दौरान ड्रग्स कारोबार से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। हमलावरों ने तलवार, चाकू, हॉकी स्टिक और देसी कट्टों की बट से पुलिसकर्मियों पर वार किए थे। एक पुलिसकर्मी को बाइक से कुचलने का भी प्रयास किया गया था।

इस संबंध में थाना उल्वे में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुंबई पुलिस को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल मो. सुहैल उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ है। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने यूपी एसटीएफ से संपर्क किया। एसटीएफ लखनऊ इकाई को इनपुट मिला कि आरोपी प्रयागराज के मऊआईमा क्षेत्र में किसी परिचित से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह मुंबई में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा है और पुलिस रेड के बाद से फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई से भागकर प्रयागराज आ गया था। गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई मुंबई में की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित