प्रतापगढ़ , मार्च 17 -- प्रतापगढ़ में पुलिस की सतर्कता से एक महिला को आत्महत्या करने से बचाकर सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 16 मार्च की रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि कुंडा थाना क्षेत्र के बाबूगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिला आत्महत्या करने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई है। सूचना मिलते ही थाना कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सूझबूझ व तत्परता दिखाते हुए ट्रेन आने से पहले ही महिला को सुरक्षित बचा लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुषमा देवी (48) पत्नी स्वर्गीय रामकुमार निवासी ग्राम लोधीपुर थाना बाघराय बताया। जानकारी के अनुसार महिला के पति का लगभग एक वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। महिला के एक 16 वर्षीय पुत्र और 17 वर्षीय पुत्री हैं।

पुलिस ने तत्काल ग्राम प्रधान के माध्यम से महिला के परिजनों को सूचना दी और उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित