अलवर , फरवरी 09 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस कार्यालय में 'स्वागतम' पोर्टल लागू किया गया है जिसके तहत अब अधिकारियों से मिलने की ऑनलाइन सुविधा मिलेगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान ने सोमवार को बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोटपूतली-बहरोड़ में आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए "स्वागतम" डिजिटल पोर्टल लागू किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से अब आम नागरिक पुलिस अधिकारियों से मिलने के लिए ऑनलाइन मिलने का समय ले सकेंगे। इसकी शुरुआत आज से कर दी गई है।

भारत सरकार की डिजिटल इंडिया पहल के तहत वर्ष 2019 में विकसित किया गया यह पोर्टल सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के प्रवेश और अधिकारियों से मुलाकात की प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने का प्रयास है। यह एक केंद्रीकृत, क्लाउड आधारित समाधान है, जिसे राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरकारी अधिकारियों से मिलने की प्रक्रिया को आसान, सुरक्षित और कुशल बनाना है, जिससे अनावश्यक प्रतीक्षा और भीड़ से बचा जा सके। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इस प्रणाली के लागू होने से आगंतुकों के समय की बचत होगी तथा कार्यालय व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित