वाराणसी , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में बनाए गए 46 परीक्षा केंद्रों के लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा सह-केंद्र व्यवस्थापकों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देश दिया कि परीक्षा नकलविहीन, शांतिपूर्ण, सुचारु और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण परीक्षा है और इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान वे अपने-अपने केंद्रों पर हर स्थिति में उपस्थित रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान यातायात से संबंधित कोई समस्या आती है तो प्रशासन से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों को पहले से सेनेटाइज कराया जाए और कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा से जुड़े नियमों और प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी हो तथा परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहें। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं किसी भी अभ्यर्थी द्वारा न ले जाई जा सकें। डीवीआर के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए और अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम में मोबाइल रखने की व्यवस्था की जाए।

बैठक में भर्ती बोर्ड से आए सदस्यों ने परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न बारीकियों की जानकारी दी और सील बुकलेट खोलने, प्रश्नपत्र वितरण, अनुपस्थित अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड, वेरिफिकेशन शीट भरने तथा वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर एडीएम (सिटी) आलोक कुमार वर्मा सहित परीक्षा से जुड़े सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित