नारायणपुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 29वीं बटालियन और जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में थाना कुमनार क्षेत्र में रविवार को पुलिस-जन संवाद, जनकल्याण एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय के साथ विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना तथा सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था।

आईटीबीपी से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार,आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कर रक्तचाप सहित सामान्य बीमारियों की जांच की और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श भी दिया गया, ताकि वे सामान्य बीमारियों से बचाव के उपायों को समझ सकें।

कार्यक्रम के तहत पुलिस और आईटीबीपी के अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ खुला संवाद भी किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, जरूरतें और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा पुलिस की भूमिका के बारे में जानकारी दी और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से उन्हें स्कूल बैग, कॉपी, स्टेशनरी और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा से ही क्षेत्र का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित