कोंडागांव, फरवरी 22 -- छत्तीसगढ़ मेंकोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने थाना केसकाल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कुएमारी कैंप और प्रस्तावित नवीन थाना भवन का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सुरक्षा बलों के जवानों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को मौके पर सुनने के उद्देश्य से किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार,इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंप में तैनात सीएएफ बटालियन की 'बी' कंपनी और जिला बल के जवानों के साथ दरबार लगाया। उन्होंने प्रत्येक जवान से व्यक्तिगत रूप से उनकी जानकारी ली और उनके सामने आने वाली समस्याओं एवं गुजारिशों को ध्यानपूर्वक सुना। इस पहल का उद्देश्य जवानों के मनोबल को ऊंचा बनाए रखना और उनके कल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाना था।

अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत के दौरान पुलिस अधीक्षक चंद्रा ने उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी लेते हुए खैरियत भी पूछी। उन्होंने विशेष रूप से जवानों के बच्चों की शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और उच्च शिक्षा के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन तथा पुलिस प्रशासन की ओर से उनके बालक-बालिकाओं के लिए तैयार की गई शैक्षणिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जवान जब ड्यूटी पर होते हैं, तब उनके परिवार की जिम्मेदारी भी प्रशासन की होती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य के प्रति संवेदनशील रहें और सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंप में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संचालित विशेष कार्य योजनाओं का जायजा लिया। उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उचित इनाम देने की अनुशंसा भी की। इस कदम से क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे जवानों में उत्साह का संचार हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित