नयी दिल्ली , जनवरी 25 -- गणतंत्र दिवस पर पुलिस, अग्नि शमन, होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा के 982 जवानों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की गयी है। गृह मंत्रालय ने रविवार को यहां बताया कि इनमें से 125 पुलिसकर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा जिनमें 121 पुलिस सेवा के और चार अग्निशमन सेवा के हैं।
वीरता पदक पाने वाले 121 पुलिसकर्मियों में से 35 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के , 45 जम्मू कश्मीर के, पांच पूर्वोत्तर के और 40 शेष देश के हैं। सबसे अधिक जम्मू कश्मीर के 33 पुलिसकर्मियों , महाराष्ट्र के 31 , उत्तर प्रदेश के 18 , दिल्ली के 14, मणिपुर के पांच , ओडिशा के चार,बिहार के तीन और तेलंगाना के एक, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 12, पुलिसकर्मी को वीरता पदक से नवाजा गया है।
इसके अलावा 101 पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पदक से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें से 89 पुलिस सेवा , पांच अग्नि शमन सेवा, तीन नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड और 25 सुधारात्मक सेवा के हैं।
विभिन्न सेवाओं के 756 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पदक से सम्मानित किया जायेगा। इनमें से 664 पुलिस सेवा, 34 अग्नि शमन सेवा, 33 नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड तथा 25 सुधारात्मक सेवा के हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित