भरतपुर , फरवरी 17 -- राजस्थान में भरतपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपी की 65 वर्षीया बृद्धा माँ जन्नत की मौत के मामले में मंगलवार को पुलिस ने भारी पुलिसबल की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रताप कॉलोनी में पुलिस ने स्थाई वारंटी नसरू खान की गिरफ्तारी के लिए प्रताप कॉलोनी में दबिश दी थी, लेकिन आरोपी के नही मिलने के बाद पुलिस नूरा खान को हिरासत में लेकर थाना ले गई। कुछ देर बाद वृद्धा की मौत हाे गयी। वृद्धा के परिजनों ने पुलिस पर ज्यादती एवं परिवार की महिलाओं के साथ कथित तौर पर मारपीट का आरोप लगाते हुए अर्धरात्रि के समय परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने थाना कोतवाली पर मृतका के शव के साथ प्रदर्शन किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एहतियातन रात में शवगृह पर चार हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए गए। मंगलवार मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके दौरान कोतवाली थाना, मथुरा गेट थाना और पुलिस लाइन का जाब्ता मौके पर मौजूद रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित