भरतपुर , दिसम्बर 26 -- राजस्थान में डीग एवं भरतपुर जिले में बदमाशों के साथ पुलिसकर्मियों की निकटता को लेकर सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक साथ वायरल हुए वीडियो एवं दो फोटो के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को जांच के आदेश दिए गए है।

वायरल वीडियो में डीग जिले के जुरहरा थाने में साइबर ठगी के मामले में रोज हाजरी लगाने वाले एक युवक के साथ अन्य कई युवक दाल बाटी चूरमा की दावत उड़ाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो किसी स्टिंग ऑपरेशन का हिस्सा न होकर लोगों के बीच धाक जमाने के लिए अपराधी युवक द्वारा खुद शूट कराकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।

सूत्रों ने बताया कि वायरल हुए दो फोटो में से एक में भरतपुर पुलिस के विशेष पुलिस दल (डीएसटी) प्रभारी अवैध हथियार बेचने वाले बदमाश से अंतरंग रूप में काजू कतली का डिब्बा लेते नजर आ रहे हैं जबकि दूसरे फोटो में यह युवक इंस्टाग्राम पर कई अवैध हथियारों की नुमाइश लगाकर बैठा नजर आ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित