बीजापुर/रायपुर , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को आज भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी।
राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों को नमन किया।
बीजापुर जिले के नयापारा स्थित 85वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कमांडेंट सुनील कुमार राही के नेतृत्व में अधिकारियों और जवानों ने शहीदों की तस्वीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए और एक मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। इस अवसर पर जवानों ने देश की एकता और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से सेवा करने का संकल्प लिया।
रायपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जवानों ने रक्तदान शिविर लगाकर शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने बताया कि रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में जवानों ने हिस्सा लिया और रक्तदान किया।
बस्तर संभाग के कई जिलों में भी सीआरपीएफ कैंपों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों ने अपने-अपने यूनिट मुख्यालयों में शहीदों को याद किया और उनके बलिदान को नमन किया।
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ जवानों ने शहीदों को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने कहा कि शहीद जवानों के सपनों का भारत बनाने के लिए हर जवान प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित