मुरैना , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने दामाद और ससुर को गोली मारकर घायल कर दिया।
घायलों को उपचार के लिए ग्वालियर में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जाती है।
सरायछोला पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना गुरुवार देर शाम ग्राम केंथरी की बताई गई है। पुलिस के अनुसार घटना से एक दिन पूर्व देवेंद्र गुर्जर और बबलू गुर्जर की गीताराम, गिर्राज, छोटू गुर्जर और उनके साथियों ने मारपीट की थी और उन्हें धमकी दी गई थी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट की तो उन्हें गोली से उड़ा दिया जाएगा। पीड़ित देवेंद्र गुर्जर ने मारपीट की रिपोर्ट सरायछोला थाने में की गई थी। कल देर शाम देवेंद्र गुर्जर और उसके ससुर ओतार गुर्जर को आरोपियों ने गोली मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को मुरैना से चिकित्सकों ने उचित उपचार के लिए ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कहा जा रहा है कि पीड़ितों की रिपोर्ट पर समय रहते पुलिस अगर कार्रवाई करती तो यह वारदात टल सकती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित