भिण्ड , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। खेत में खाद डालने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडों के साथ फायरिंग भी हुई। घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान एक युवक बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा और उसने दो राउंड फायर किए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक हाथ में बंदूक लिए नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस ने वीडियो की सत्यता और फायरिंग की स्थिति की जांच शुरू कर दी है।
मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। इनमें कल्ली सिंह गुर्जर और सत्यभान सिंह गुर्जर को गंभीर चोटें आने पर ग्वालियर रेफर किया गया, जबकि दूसरे पक्ष के घायलों को गोहद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मालनपुर थाना प्रभारी प्रदीप सोनी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन वर्षों में दो बार पहले भी विवाद हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित