मुरैना , मई 03 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक ई-रिक्शा चालक दलित युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ई-रिक्शा चालक भरत लाल जाटव बीते दिन ई-रिक्शा से सवारियां लेकर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जनकपुर के कुछ युवकों ने ट्रैक्टर लगाकर उसका रास्ता रोका और उसे जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली में डालकर अपने गांव ले गए।
वहां आरोपियों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसके गले में जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित की शिकायत पर सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़ित भरत लाल ने बताया कि आरोपियों में से एक युवक से पिछली दिवाली पर उसका विवाद हुआ था, जिसके चलते वह उससे रंजिश रखता था और इसी कारण इस घटना को अंजाम दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित