मुरैना , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र के कैथरी गांव में रास्ता निकलने से जुड़ी पुरानी रंजिश के मामले में दो पक्षों में हुई गोलीबारी में घायल हुए एक युवक की मौत हो गई।
दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें ग्वालियर में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को रामवतार गुर्जर और छोटू गुर्जर पक्ष के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया था। इसके बाद बीती शाम फिर से विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
गोलीबारी में घायल सत्यवीर गुर्जर की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष से रामअवतार गुर्जर और देवेंद्र गुर्जर घायल हुए हैं। दोनों घायलों को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित