सीतामढ़ी , अप्रैल 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि माता जानकी के पुनौराधाम मंदिर का निर्माण कार्य 31 दिसंबर, 2028 तक हर हाल में पूर्ण कराएं।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज पुनौराधाम मंदिर निर्माण एवं संपूर्ण प्रक्षेत्र के विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की। सीतामढ़ी जिला के पुनौराधाम मंदिर परिसर में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी रिची पांडेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित मां सीता पुनौराधाम मंदिर के प्रगति कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रमुख शहरों से पुनौराधाम की संपर्कता तीर्थ यात्रा सुविधा केंद्र, प्रेक्षागृह, गर्भगृह और सीताकुंड का विकास, बिल्डअप एरिया, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से तैयार परियोजना विवरण, पीठाधीश्वर निवास, वीआईपी एवं संत निवास, रेलवे स्टेशनों की स्थिति, माता जानकी के जन्मकुंड परिसर का उद्धार, मास्टर प्लान, सुरक्षा के दृष्टि से किए जाने वाले कार्य, प्रस्तावित सीतापुरम, सेटेलाइट टाउनशिप आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित