माॅस्को , मार्च 09 -- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को मोजतबा हुसैनी खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता चुने जाने पर मुबारकबाद दी है।

क्रेमलिन के अनुसार श्री पुतिन ने ईरान और वहां के लोगों के सामने खड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए उन्हें कामयाबी की दुआ दी।श्री पुतिन ने एक बयान में कहा, "ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह सैयद मोजतबा हुसैनी खामेनेई... कृपया सर्वोच्च नेता के रूप में चुनाव पर आप मेरी दिली मुबारकबाद स्वीकार करें।"रूसी राष्ट्रपति का यह बयान श्री मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किये जाने के बाद आया है। गत 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष के दौरान अमेरिका-इजरायली हमले में उनके पिता अली खामेनेई की मौत हो गयी थी। श्री मोजतबा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब देश अपने आधुनिक इतिहास के सबसे गंभीर संकटों में से एक का सामना कर रहा है।

बयान में उन भारी जिम्मेदारियों का जिक्र किया गया है, जो क्षेत्रीय तनाव और मुश्किल भू-राजनीतिक हालात के बीच अब नये नेता के कंधों पर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित