पुणे/ मुंबई , मार्च 28 -- महाराष्ट्र की मुंबई पुलिस ने एक 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी और खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले 'भोंदू बाबा' ऋषिकेश वैद्य को पुणे पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के दौरान वसई से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ पुणे में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहा था, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गयी थीं। पुलिस के अनुसार, 'आमची वसई' नामक संगठन चलाने वाले ऋषिकेश वैद्य ने खुद को भगवान महादेव का अवतार बताकर पीड़ित महिला को विश्वास दिलाया कि वह 'पार्वती' कारूप है।

आरोपी ने इसके लिए फेसबुक से संपर्क में आई महिला की आध्यात्मिक रुचि का फायदा उठाते हुए उसका भरोसा जीता। आरोप है कि दिसंबर 2023 में वैद्य ने पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसका यौन उत्पीड़न किया और उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी इन तस्वीरों के जरिए महिला को ब्लैकमेल और प्रताड़ित करने लगा। मई 2025 में उसने महिला को दोबारा वसई के एक होटल में बुलाकर उत्पीड़न का प्रयास किया, जिससे तंग आकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। शिकायत हालांकि पहले वसई के माणिकपुर थाने में दर्ज करायी गयी थी, लेकिन मुख्य अपराध स्थल पुणे होने के कारण मामले को आगे की जांच के लिए हडपसर थाने भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित