पुणे , जनवरी 20 -- महाराष्ट्र के पुणे जिले में मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी के तीन प्रमुख नेता अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
पूर्व शिरूर विधायक पोपत राव गावड़े के पुत्र राजेंद्र गावड़े, राकांपा जिला उपाध्यक्ष एवं जिला परिषद की बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सुनीता ताई गावड़े तथा शिरूर की पूर्व नगराध्यक्ष मनीषा गावड़े ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल ने सभी का भाजपा में स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उत्तर जिला अध्यक्ष प्रदीप दादा कांड, विधायक राहुल कुल, दक्षिण जिला अध्यक्ष शेखर वाडने, पूर्व विधायक संजय जगताप, श्री प्रवीण माने, सुश्री जयश्री ताई पलांडे, श्री धर्मेंद्र खंडारे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हो रहे विकास कार्यों के कारण जनता का भारी समर्थन भाजपा को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सशक्त नेतृत्व में महाराष्ट्र में भी भाजपा को व्यापक जनसमर्थन और आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राजेंद्र गावड़े को भी पार्टी में पूरा सम्मान और उचित जिम्मेदारी दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित