पुड्डुचेरी , मार्च 23 -- पुडुचेरी की कुल 30 विधानसभा सीटों में से मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) 16 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
एआईएनआरसी यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रही है। वहीं भाजपा को शेष 14 सीटें आवंटित की गयी हैं।
इन 14 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 10 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है, जबकि अपने कोटे से दो-दो सीटें अन्नाद्रमुक और नवनिर्मित लक्ष्य जननायक पार्टी को दी हैं।
एआईएनआरसी ने इस बार राजभवन और माहे चुनाव क्षेत्रों के बजाय लॉस्पेट और मुथियालपेट सीटें हासिल की हैं।
पिछली बार पांच सीटों (उप्पलम, ओरलियनपेट, मुदलियारपेट, मुथियालपेट और कर्राइकाल दक्षिण) पर लड़ने वाली अन्नाद्रमुक को इस बार केवल उप्पलम और ओरलियनपेट सीटें दी गयी हैं।
कामराज नगर और नेल्लीथोप सीटें, जिन पर पिछली बार भाजपा लड़ी थी, अब एलजेके के पास गयी हैं। भाजपा इस बार मुदलियारपेट और कर्राइकाल (दक्षिण) से चुनाव लड़ रही है, जहां पिछली बार अन्नाद्रमुक ने चुनाव लड़ा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित