पुडुचेरी , अप्रैल 09 -- पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन और सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के संस्थापक एवं मुख्यमंत्री एन. रंगासामी सहित कई नेताओं ने गुरुवार को विधानसभा चुनाव में अपना वोट डाला।

श्री कैलाशनाथन ने अपनी माता लीना और पत्नी बीना के साथ डीएमएस कार्यालय के बूथ पर अपना वोट डाला। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी को अपना वोट डालना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अपने मताधिकार का प्रयोग करना सभी का कर्तव्य है।

श्री रंगासामी अपने घर से यामाहा बाइक पर थिलास्पेट सरकारी मिडिल स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे थे।

गृह मंत्री ए नमसिवयम और उनकी पत्नी ने तिरुक्कनूर सरकारी स्कूल में वोट डाला। पीसीसी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद वी वैथिलिंगम, जो थट्टनचावडी निर्वाचन क्षेत्र से रंगासामी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, उन्होंने नेट्टापक्कम के मदुक्कराई सरकारी मिडिल स्कूल में मताधिकार का उपयोग किया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने वीओसी स्कूल के मतदान केंद्र पर, एआईएडीएमके राज्य सचिव ए. अनबाझगन ने रेलवे स्टेशन के सामने गौबर्ट कल्याणमंडपम में और एलजेके के संस्थापक जोस चार्ल्स मार्टिन ने रेड्डियार पलयम इमैक्युलेट स्कूल के मतदान केंद्र पर वोट डाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित