जालंधर , मार्च 17 -- पंजाब में पी.ए.पी. प्रशिक्षण केंद्र, जालंधर छावनी में बैच नंबर 185 के रिक्रूट सिपाहियों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गयी।इस दौरान आर्म्ड कैडर के 46 (39 पुरुष और सात महिला), तकनीकी सेवा विभाग के 21 (17 पुरुष, चार महिला) और इंटेलिजेंस विभाग के सात (चार पुरुष और तीन महिला) समेत कुल 74 रिक्रूट सिपाही अपना बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर पास आउट हुए। इन जवानों को प्रशिक्षण के दौरान आउटडोर और इनडोर विषयों में गहन प्रशिक्षण दिया गया।
रिक्रूट ट्रेनिंग जालंधर के कमांडेंट मंदीप सिंह गिल इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शानदार पासिंग आउट परेड से सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। सातवीं बटालियन पी.ए.पी. जालंधर छावनी के कमांडेंट गुरतेजिंदर सिंह औलख ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रशिक्षुओं को बधाई दी और उन्हें एक अच्छा पुलिस अधिकारी बनने तथा अनुशासन में रहकर कानून के अनुसार समाज की निष्पक्ष सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने जवानों को प्रोत्साहित किया कि वे अपनी सेवाओं से समाज और पुलिस विभाग को और बेहतर बनाने में अपना योगदान दें।
मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित