रायपुर , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के संयुक्त सचिव विनोद तिवारी की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इससे कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।

श्री उज्ज्वल दीपक ने कहा कि यह गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस वैचारिक रूप से कमजोर हो चुकी है और अब 'हेट स्पीच' के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जहर उगलना और धार्मिक या राजनीतिक विद्वेष फैलाना कांग्रेस की कार्यशैली का हिस्सा बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देशभर में "मोहब्बत की दुकान" खोलने की बात करते हैं, लेकिन उनके ही प्रदेश पदाधिकारी सोशल मीडिया के माध्यम से नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के "मोहब्बत की दुकान" नारे पर तंज कसते हुए कहा कि यह मोहब्बत की दुकान नहीं बल्कि नफरत का शोरूम बन चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि कानून सबके लिए समान है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल का पदाधिकारी क्यों न हो।

उन्होंने कहा कि विनोद तिवारी जैसे नेताओं के कृत्यों से छत्तीसगढ़ की शांतिप्रिय छवि को राष्ट्रीय स्तर पर ठेस पहुंची है। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अपने संयुक्त सचिव के कथित नफरत भरे पोस्ट का समर्थन करती है या उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।

भाजपा ने कांग्रेस से इस पूरे मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित