पीलीभीत , दिसंबर 20 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक अध्यापक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को लगी गोली उसी की लाइसेंसी पिस्टल से चली थी, वह रिटायर्ड सीआईएसएफ के दरोगा के घर मिलने पहुंचा था। इस दौरान फायरिंग में आरोपी की पत्नी भी घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार बंडा रोड पर रहने वाले सीआईएसएफ के रिटायर दरोगा पूरन सिंह के घर टोडरपुर के सुखदेव सिंह (30) का पुराने समय से आना-जाना था। सुखदेव पूरन के घर में ही कोचिंग चलाते थे। पूरन सिंह की इकलौती बेटी है, जो अब आस्ट्रेलिया में रहती है। दंपती के कोई बेटा नहीं था, इसलिए गुरमीत अपने बेटे की तरह सुखदेव को मानती थीं। वो उसे मुंहबोला बेटा भी कहती थीं।

मृतक सुखदेव के पिता हरजिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि पूरन उसके बेटे पर शक करता था। उसे लगता था कि बेटे का उसकी बेटी के साथ अफेयर है। वो उसे कॉल करके परेशान करता है। इसके चलते ही वो कई बार कॉल करके उसके बेटे से झगड़ा भी कर चुका था।

हरजिंदर ने पुलिस को बताया कि शनिवार को पूर्वान्ह लगभग 9 बजे बेटे सुखदेव को पूरन सिंह ने अपने घर बात करने के लिए बुलाया। वो अपनी कार से लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर पूरन के घर पहुंचा। जहां ड्राइंग रूम में पूरन, उनकी पत्नी गुरमीत कौर के साथ सुखदेव की बातचीत हो रही थी। इसी दौरान पूरन-सुखदेव के बीच बहस बढ़ गई।

आरोपी पूरन सिंह के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि सुखदेव सिंह ने गुस्से में आकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गुरमीत कौर को लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। मुंहबोली मां को गोली मारने के बाद, सुखदेव सिंह ने उसी रिवॉल्वर से खुद के सीने में गोली मार ली। जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पूरनपुर थाना अध्यक्ष पवन पांडे और सीओ प्रतीक दहिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, घायल गुरमीत कौर को इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुखदेव के परिवार वालों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। घायल गुरमीत कौर ने बताया कि उन पर सुखदेव सिंह ने ही गोली चलाई थी।

अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लेनदेन का लग रहा है। हालांकि परिजन प्रेम-प्रसंग का आरोप लगा रहे हैं। फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली है इसकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित