पीलीभीत , अप्रैल 02 -- पीलीभीत जिले के हजारा थाना क्षेत्र में शारदा नदी में डूब रहे एक युवक को पुलिस मुंशी और उनके सहयोगी ने साहसिक प्रयास करते हुए सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने बताया कि शास्त्री नगर निवासी बिल्लू उर्फ बलविंदर सिंह बुधवार देर रात करीब 11 बजे धनाराघाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अंधेरे और नशे की हालत में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे शारदा नदी के गहरे पानी में जा गिरे। घटना की आहट मिलते ही धनाराघाट पेंटून पुल पर तैनात मुंशी बबलू माझी और उनके सहयोगी तत्काल सक्रिय हो गए। बिना समय गंवाए उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली और मुंशी बबलू माझी व उनकी टीम का आभार जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव नहीं किया जाता तो युवक की जान जा सकती थी। उन्होंने यह भी बताया कि बबलू माझी पहले भी कई लोगों की जान बचा चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस साहसिक कार्य के लिए मुंशी बबलू माझी को सम्मानित करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित