पीलीभीत , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर 7.50 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में सुनगढ़ी थाना पुलिस ने उत्तराखंड के तीन युवकों के विरुद्ध जालसाजी और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कुर्री निवासी शहजाद और ग्राम महचन्दी निवासी मेराज ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि रुद्रपुर (उत्तराखंड) निवासी साहिल अंसारी, लकी और साहिल मंसूरी ने उनके भाइयों को रूस के एक मॉल में 80 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
आरोप है कि अभियुक्तों ने शहजाद से 4 लाख रुपये और मेराज से 3.50 लाख रुपये विभिन्न किस्तों तथा नकद माध्यम से लेकर कुल 7.50 लाख रुपये ठग लिए।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार आरोपियों ने नौकरी के लिए वर्क वीजा के बजाय उनके भाइयों को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेज दिया। रूस पहुंचने पर उन्हें नौकरी नहीं मिली और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद वापस भारत लौटना पड़ा।
जब पीड़ितों ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में मोबाइल फोन बंद कर लिए। शहजाद ने आरोप लगाया कि जब वह रुद्रपुर स्थित आरोपियों के घर पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुनगढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित