पीलीभीत , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी गयी शिकायत में बताया कि गांव के ही जगदीश पुत्र कोमिल प्रसाद ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी बहाने बनाकर टाल देता था। आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी देने पर आरोपी ने शादी करने के बजाय धोखे से उसे नशीली दवाएं खिला दीं, जिससे उसका गर्भपात हो गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद भी जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित