पीलीभीत , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के गजरौला क्षेत्र में पूरनपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के बीच ट्रक और नेपाल-भारत मैत्री सेवा की बस की आमने-सामने भिड़ंत में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब दो बजे जरा चौकी क्षेत्र के सकरिया तिराहे के पास हुई। पीलीभीत की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक सामने आए छुट्टा पशु को बचाने के प्रयास में मुड़ा, तभी पूरनपुर की ओर से आ रही नेपाल-भारत मैत्री बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जबकि ट्रक बीच सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों और सामान के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में घायल नेपाल निवासी सुभान (11) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बस में सवार सभी यात्री नेपाल के निवासी बताए गए हैं, जो मजदूरी के लिए दिल्ली जा रहे थे। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित