पीलीभीत , दिसंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले की बीसलपुर कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबिल ने अपने सिपाही पति सहित आधा दर्जन ससुराल पक्ष के लोगों के विरुद्ध कोतवाली में प्राथमिकी पंजीकृत कराई है।
महिला आरक्षी ने पंजीकृत कराई प्राथमिकी में आरोप लगाते हुए कहा है, कि उसका विवाह 26 जनवरी 2023 को प्रियंक शर्मा पुत्र राजेश्वर प्रसाद शर्मा निवासी खासपुर थाना खरखौदा जिला मेरठ के साथ हुआ था। प्रियंक भी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। विवाह में उसके पिता ने भरपूर दान दहेज तथा चार पहिया गाड़ी भी दी थी।
उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की और मांग करते है। पति प्रियंक शर्मा, सास कुंती देवी, ससुर राजेश्वर प्रसाद ,जेठ अनुज शर्मा, जेठानी श्वेता, जेठ मुकेश तथा जेठानी संतोष यह सभी लोग संतुष्ट नहीं थे। वह लगातार एक स्कॉर्पियो कार की मांग कर रहे थे। इसके पश्चात उसके भाई तथा पिता ससुराल पक्ष के लोगों को समझने के लिए गए। कुछ दिन तो ठीक चलता रहा मगर उसके बाद फिर वही रवैया प्रारंभ कर मारपीट करना शुरू कर दी।
पांच सितंबर 2024 को विवाहिता ने अपने पति प्रियंक शर्मा को अपनी जेठानी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, तो उसने विरोध किया। इसके बाद से उसका जेठ मुकेश शर्मा उसके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें करने लगा। उसने दुष्कर्म करने का प्रयास भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित