पीलीभीत , फरवरी 18 -- पीलीभीत में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में बरेली निवासी आरके गोला समेत एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये हड़प लिए गए।

पुलिस के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के नकटादाना चौराहे पर 'आईसीएल म्युचुअल बेनिफिट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड' नाम से कंपनी खोलकर लोगों को तीन से आठ वर्ष में धन दोगुना करने का प्रलोभन दिया गया। बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम लखनऊ कला निवासी खेमकरन लाल ने अपनी जमा पूंजी के साथ 17 परिचितों से भी लगभग 20 लाख रुपये कंपनी में निवेश कराए।

निवेश अवधि पूरी होने पर जब लोग पैसा लेने पहुंचे तो नकटादाना स्थित कार्यालय पर ताला लटका मिला। पीड़ित के अनुसार बरेली स्थित मुख्य कार्यालय में शिकायत करने पर मुख्य आरोपी रूप किशोर गोला (आरके गोला) और साथियों ने दुर्व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने रूप किशोर गोला, अवधेश कुमार गोला, रजनी गुप्ता, जितेंद्र कुमार गुप्ता, रेनू गुप्ता, दीपक कुमार भटनागर, ताराचंद्र भोजवाल, संजय कुमार समेत 5-6 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित